छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर बड़ा प्रहार: सुकमा–बीजापुर में 14 नक्सली ढेर, कुख्यात देवा ने 20 साथियों संग किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सुकमा और बीजापुर जिलों में हुई मुठभेड़ों में कुल 14 नक्सली मारे गए हैं, जबकि कुख्यात नक्सली कमांडर देवा ने 20 नक्सलियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है। यह कार्रवाई राज्य में नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, सुकमा जिले के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर किए गए। वहीं, बीजापुर जिले में अलग अभियान के दौरान 2 नक्सलियों को मार गिराया गया। मुठभेड़ों के बाद सभी नक्सलियों के शव और उनके पास से हथियार, गोला-बारूद व अन्य नक्सली सामग्री बरामद कर ली गई है।
इसी बीच, नक्सल संगठन के प्रभावशाली चेहरे माने जाने वाले देवा ने 20 नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, लगातार दबाव, विकास कार्यों और सरकार की पुनर्वास नीति के चलते नक्सलियों का मनोबल कमजोर पड़ा है, जिसका परिणाम यह सरेंडर है।
राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों ने इसे नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता बताते हुए कहा है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।